
चंडीगढ। सोशल मीडिया पर एक पंजाब की लडकी का दिल दहला देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। मूल रूप से पंजाब की रहने वाली यह लडकी सऊदी अरब के द्वादमी शहर में फंसी हुई है। इस लडकी को वहां बंधक बना रखा है। वीडियो में यह लडकी अपनी आपबीती सुना रही है। आपबीती सुनाते हुए यह लडकी बीच बीच में फूट फूट कर रोने लगती है। यह लडकी वीडियो में संगरूर से सांसद भगवंत मान को संबोधित कर रही है और मदद की गुहार लगा रही है। वीडियो में यह लडकी कहती हुई नजर आ रही है कि वह एक गरीब परिवार से है एक साल पहले सऊदी अरब के द्वादमी शहर में गई थी।
लडकी अपनी आपबीती सुनाती हुई कह रही है कि उसे यहां कई कई दिनों तक खाना नहीं दिया जाता। उसे कमरे में बंद करके बाहर से ताला लगा दिया जाता है, उसके साथ मारपीट की जाती है। दिखने में यह लडकी 20-22 साल की लग रही है। लडकी का कहना है कि उसके बच्चे भी हैं। साथ ही पंजाब में उसकी मां है और वह बीमार है।
लडकी रोती हुई कह रही है कि वह अपनी बीमार मां के पास लौटना चाहती है। साथ ही लडकी कह रही है कि उसे सऊदी में तरह तरह की यातनाएं दी जाती हैं। लडकी वीडियो में पंजाब के युवक-युवतियों से अपील कर रही है कि वे भूलकर भी सऊदी अरब ना आएं, क्योंकी यहां पर शोषण होता है और यातनाएं भी दी जाती है।
युवती ने वीडियो में बताया कि वह स्थानीय पुलिस थाने भी गई थी लेकिन पुलिस ने भी उसकी कोई मदद नहीं की बल्कि उसे डरा धमकाकर वहां से भगा दिया गया। पुलिस ने उसे डरा धमकाकर वापस उसी घर में छोड दिया। वीडियो में सांसद भगवंत मान से बार बार गुहार लगा रही है कि वे उसे वहां से निकाल लें। युवती वीडियो में कह रही है कि अगर उसे वहां से जल्द नहीं निकाला गया तो, वे लोग उसे मार देंगे। वीडियो में लडकी पंजाबी भाषा में बात कर रही है। लडकी ने वीडियो में अपना नाम नहीं बताया।