बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पर लोगों के एक समूह ने गुरूवार को हमला कर दिया था। समूह दार्जिलिंग दौरे पर आए बीजेपी नेताओं को तत्काल इस क्षेत्र से वापस जाने को कह रहा था। इससे पार्टी के बैठक स्थल पर अव्यवस्था फैल गई और बाद में कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया गया। आरोप है कि गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) के बागी नेता बिनय तमांग के समर्थकों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष समेत उपाध्यक्ष जय प्रकाश मजूमदार, देव शाह और दार्जिलिंग युवा भाजपा अध्यक्ष प्रकाश पोखरेल ने घायलावस्था में थाने में पहुंच अपनी जान बचाई। उधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दिलीप घोष से फोन पर बात की और मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
भाजपा नेताओं को यहां भी कालिम्पोंग की तरह विरोध का सामना करना पड़ा। लेकिन यह विरोध काले झंडे दिखाने और नारेबाजी तक सीमित नहीं रहा। दिलीप घोष के सामने ही भाजपा कार्यकर्ताओ को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। दिलीप घोष पर भी काले झंडे के डंडे से वार किया गया। इस हमले में भाजयुमो के दार्जिलिंग जिला अध्यक्ष सागर पोखरेल के माथे पर चोट आयी है। दिलीप घोष के सचिव देव शाह समेत तीन-चार अन्य पार्टी कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के प्रमुख बिमल गुरुंग ने अज्ञात स्थान से एक ऑडियो संदेश जारी करते हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हुए इस हमले की निंदा की है। गुरुंग ने कहा, ‘इस हमले के पीछे जो भी है, उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। वास्तव में जो लोग गोरखालैंड को पृथक राज्य बनाने का विरोध कर रहे हैं, उन्होंने ही बीजेपी प्रतिनिधिमंडल पर हमला किया है। हम इसकी आलोचना करते हैं।’