रांची।
झारखंड में एंटी रोमियो कैम्पेन की आड़ में कपल से बदसलूकी और लूटपाट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने रामगढ़ में देवी मंदिर के दर्शन कर लौट रहे लड़का-लड़की घेर लिया।
इसके बाद एंटी रोमियो स्क्वॉड का डर दिखाकर रुपए छीन लिए। घटना गुरुवार की बताई जा रही है, लेकिन इसका वीडियो अब सामने आया है। आला पुलिस अफसरों को ऐसी घटनाएं रोकने के ऑर्डर जारी किए गए हैं।

वीडियो में लड़की बदमाशों के हाथ जोड़ती और कई बार छोड़ने की मिन्नतें करती नजर आ रही है। वह वीडियो नहीं बनाने की भी गुहार कर रही है, लेकिन वहां मौजूद आरोपी उन पर गलत हरकतों के आरोप लगाते रहे।
पुलिस ने बताया कि लड़का-लड़की गुरुवार को देवी मंदिर में पूजा करने के लिए गए थे। बाइक से लौटते वक्त कुछ बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और बदसलूकी करने लगे।

आरोपियों ने पुलिस से शिकायत का डर दिखाकर कपल से वसूली की कोशिश की। उन्होंने पैसे नहीं दिए तो मंदिर में दान के नाम पर 5 हजार रुपए लूट लिए। मोबाइल में घटना का वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया।
मामले पर सख्त हुए ADG
एडीजी अजय भटनागर ने रामगढ़ एसपी को कड़ी कार्रवाई के ऑर्डर दिए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मंदिर के एक गांव से 4 लड़कों को हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।

भटनागर ने कहा , ‘पुलिस का एंटी रोमिया स्क्वॉड गंभीरता से ड्यूटी करे, ताकि पुलिस की आड़ में शरारती लोग कपल्स को परेशान ना कर पाएं। हमने रेंज के डीआईजी और एसपी को ऐसी घटनाएं रोकने के ऑर्डर जारी किए हैं।
बता दें कि यूपी में बीजेपी सरकार आने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने कॉलेज, मार्केट और पब्लिक प्लेस पर छेड़खानी करने वालों पर कार्रवाई के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड बनाने की बात कही थी। यूपी में पुलिस एक्शन भी ले रही है।
