नयी दिल्ली। प्रख्यात संगीतकार और गीतकार रवींद्र जैन की पुण्यतिथि पर सुरों की मलिका लता मंगेशकर ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। जैन की दूसरी पुण्यतिथि थी। गायिका ने सोशल मीडिया पर फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ के गीत ‘एक राधा एक मीरा’ का वीडियो साझा करते हुए रवींद्र जैन को याद किया।
लता मंगेशकर ट्वीट किया, ‘‘आज महान संगीतकार, कवि और गायक रवींद्र जैन की पुण्यतिथि है। मैं उनकी प्रतिभा को प्रणाम करती हूं।’’ चितचोर, राम तेरी गंगा मैली, गीत गाता चल, नदिया के पार जैसी कई फिल्मों में शानदार गीत और संगीत देने वाले रवींद्र जैन जन्म से ही नेत्रहीन थे।
रामानन्द सागर की रामायण में गाई उनकी चौपाईया आज भी लोगों के बीच मशहूर हैं। रवींद्र जैन का जन्म 28 फरवरी 1944 को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में हुआ था। नौ अक्तूबर 2015 को 71 वर्ष की उम्र में उनका निधन मुंबई के एक अस्पताल में हो गया था।